भगवानपुर (हरिद्वार) ,
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार जनपद के चुड़ियाला, भगवानपुर में आयोजित कलश बंधन महारैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री स्वयं सिर पर कलश धारण कर कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महाअभियान है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने सामाजिक विषमताओं के दौर में प्रेम, समानता और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति जन्म से नहीं, बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा से महान बनता है। जब तक समाज से भेदभाव समाप्त नहीं होगा, तब तक सशक्त और समरस राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, दलित, वंचित और जरूरतमंद परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई गई हैं, जो संत रविदास जी के समरस समाज के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य, करीब 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना तथा 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में सड़कों, संपर्क मार्गों, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट सहित अनेक विकास परियोजनाएं भी पूर्ण की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक सद्भाव और जनभागीदारी के माध्यम से भेदभावमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महापुरुषों के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को देशभर में कलश यात्राओं के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में समरसता संकल्प यात्रा का शुभारंभ समाज में समानता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
स्वामी निर्मलदास ने मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मनुष्य को सदैव परमेश्वर के बताए मार्ग पर चलना चाहिए और अपने कर्मों के प्रति सजग रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश प्रदान कर प्रदेशव्यापी कलश बंधन यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभिन्न संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।