मसूरी में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग, शांति भंग करने वाले 7 युवक गिरफ्तार

देहरादून / मसूरी ,

मसूरी में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हुड़दंग कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले सात युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, रविवार को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से कोतवाली मसूरी क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मारपीट कर रहे थे।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और विवाद और अधिक बढ़ गया। सार्वजनिक शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात युवकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए युवकों में नई दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र के चार तथा बिजनौर और नजीबाबाद के तीन युवक शामिल हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *