दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर नहीं चलेगी कांवड़ यात्रा, मुख्य सचिव ने दिए स्पष्ट निर्देश

देहरादून,
उत्तराखंड सरकार ने आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा निर्णय लेते हुए स्पष्ट किया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ियों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। मुख्य सचिव ने संबंधित जिलों के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए एक्सप्रेस-वे पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रियों को केवल निर्धारित पारंपरिक कांवड़ मार्गों का ही उपयोग कराया जाए। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर किसी भी प्रकार की कांवड़ यात्रा या पैदल आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।

प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, सूचना संकेतक तथा वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों के संबंध में समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

सरकार ने कहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आम जनता की सुविधा दोनों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *