देहरादून ,
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तराखंड के अंतर्गत संचालित 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन आवश्यक तकनीकी और विद्युत संबंधी कार्य पूरे होने के बाद सोमवार से दोबारा शुरू हो गई है। अब यह सेवा पहले की तरह 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। प्रदेशवासी हेल्पलाइन के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, आवश्यक जानकारी, शिकायत और अन्य निर्धारित सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
एनएचएम की 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की नोडल अधिकारी डॉ. अरीता सक्सेना ने बताया कि हेल्पलाइन के निर्बाध संचालन के लिए मुख्य विद्युत आपूर्ति से जुड़ी आर्मर्ड केबल का प्रतिस्थापन तथा आवश्यक तकनीकी उन्नयन किया गया। इन कार्यों के कारण कुछ समय के लिए हेल्पलाइन सेवाएं प्रभावित हुई थीं, लेकिन अब सभी तकनीकी और विद्युत कार्य सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि तकनीकी टीमों द्वारा आवश्यक परीक्षण के बाद हेल्पलाइन को नियमित संचालन के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया गया है। अब नागरिक 104 नंबर पर कॉल कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें और सुझाव भी दर्ज करा सकेंगे।
डॉ. सक्सेना ने कहा कि 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन विशेष रूप से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम है। हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों और समस्याओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों तक भेजा जाता है, जिससे उनके समयबद्ध समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुचारू और नागरिक-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से हेल्पलाइन की तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। इससे भविष्य में भी सेवाओं का संचालन अधिक विश्वसनीय और निर्बाध रहेगा।
एनएचएम ने तकनीकी कार्यों के दौरान हुई असुविधा के लिए प्रदेशवासियों से खेद व्यक्त करते हुए उनके सहयोग और धैर्य के लिए आभार जताया है। मिशन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, चिकित्सकीय परामर्श, शिकायत अथवा अन्य निर्धारित सेवाओं के लिए 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन का बेझिझक उपयोग करें।