देहरादून ,
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में श्री केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों तथा श्री बदरीनाथ मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने श्री केदारनाथ धाम में चल रहे निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन छह नए ब्लॉकों का निर्माण कार्य शुरू किया जाना है, उन्हें तत्काल प्रारंभ किया जाए तथा सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को केदारनाथ यात्रा क्षेत्र के लिए व्यापक एवं एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे का वैज्ञानिक और व्यवस्थित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य सचिव ने श्री बदरीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के साथ-साथ परियोजना से जुड़े कंटेंट और आर्ट वर्क का कार्य भी समानांतर रूप से शुरू किया जाए, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके।
उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकसित की जा रही सभी परिसंपत्तियों एवं सुविधाओं के संचालन और रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) के लिए पहले से ही स्पष्ट फ्रेमवर्क तैयार किया जाए। इससे परियोजनाओं के हस्तांतरण के बाद उनके रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारियां तय करने में आसानी होगी।
बैठक में सचिव धीरज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार तथा संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।