राज्य के सभी भवनों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश – uttarakhandawaaz.in

राज्य के सभी भवनों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून ,

राज्य में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सभी सरकारी और गैर-सरकारी भवनों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सचिवों और जिलाधिकारियों को भवनों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय सर्वे करने के आदेश दिए हैं।

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से अधिक ऊंचाई वाले भवनों, अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, असुरक्षित निकासी मार्ग वाले परिसरों तथा तंग गलियों और रास्तों में स्थित इमारतों का अनिवार्य निरीक्षण करने को कहा है। इस अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं के खतरे को समय रहते चिन्हित कर उन्हें समाप्त करना है।

विभागों में सेफ्टी ऑडिट और नियमों का पालन अनिवार्य

मुख्य सचिव ने सभी विभागों के सचिवों को अपने-अपने विभागों और संबंधित क्षेत्रों का व्यापक सेफ्टी ऑडिट कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे के बाद सभी आवश्यक अग्नि सुरक्षा मानकों को लागू करना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फायर सेफ्टी नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग नियमित निगरानी करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।

मुख्य सचिव ने कहा कि भवनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *