सेलाकुई क्षेत्र में हुई चोरी की 05 घटनाओं का दून पुलिस ने किया सफल खुलासा
करीब 40 लाख रुपये का चोरी का माल और 3.90 लाख रुपये नकद बरामद
देहरादून ,
सेलाकुई क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दून पुलिस ने अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग चोरी की घटनाओं में चोरी किया गया करीब 40 लाख रुपये मूल्य का सामान और 3 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और रात के समय मौका देखकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
थाना सेलाकुई पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया था। 22 जून को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सेलाकुई क्षेत्र में आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या UK-07-AA-2277 पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने सेलाकुई क्षेत्र में कई बंद मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर शंकरपुर, सहसपुर स्थित उनके किराये के कमरे से चोरी किया गया करीब 40 लाख रुपये का सामान और 3 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विकास ने चोरी के सामान को बेचकर मिले 2 लाख 50 हजार रुपये अपने बैंक खाते में जमा किए थे, जिसे पुलिस ने फ्रिज करा दिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूरी करते थे, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने चोरी की योजना बनाई। वे दिन में काम की तलाश के बहाने बंद मकानों की रेकी करते थे और गर्मी की छुट्टियों में बाहर गए परिवारों के मकानों को निशाना बनाते थे। इसके बाद रात के समय अंधेरे और घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने सेलाकुई क्षेत्र में चोरी की 05 अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। दोनों आरोपी आज भी चोरी की वारदात करने के उद्देश्य से क्षेत्र में आए थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के एक अन्य साथी के भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी देहरादून द्वारा टीम को 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
- विकास पुत्र नाथी राम, निवासी झीवर हेड़ी, जयन्तीपुर, थाना बिहारीगढ़, सहारनपुर, उम्र 21 वर्ष।
- सुमित कुमार पुत्र स्व. धर्म सिंह, निवासी ग्राम हुसैनमलिकपुर, थाना बेहट, जिला सहारनपुर, उम्र 27 वर्ष।
बरामदगी
- चोरी किया गया सामान — अनुमानित मूल्य करीब 40 लाख रुपये
- नकद धनराशि — 3 लाख 90 हजार रुपये
- घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या UK-07-AA-2277
- अभियुक्त विकास के बैंक खाते में चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 2.50 लाख रुपये फ्रिज किए गए।