रात्रिकालीन कार्यों को मिली सशर्त अनुमति, लापरवाही पर डीएम का सख्त रुख

दो दिन के कार्य को छह माह तक लंबित रखने पर सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि

समय पर कार्य पूरा नहीं करने वाली एजेंसियों पर लगेगा भारी जुर्माना

देहरादून ,

 जनपद में विकास कार्यों को गति देने और आम जनता की सुविधाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को जनपद स्तरीय परियोजना समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के भूमिगत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में पेयजल निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग, गेल, वोडाफोन, टाटा कम्युनिकेशन, केएफडब्ल्यू, पीएसयू सहित 14 विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इस दौरान उच्च प्राथमिकता वाले कुछ कार्यों को रात्रि 10 बजे से सुबह 5 बजे तक सशर्त अनुमति प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन किसी भी स्थिति में आम जनता को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्य शुरू करने से पहले पर्याप्त मशीनरी, मानव संसाधन और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए जिन स्थानों पर सड़क सतह का सुधारीकरण हो चुका है, वहां किसी भी प्रकार की खुदाई या रोड कटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक के दौरान ईसी रोड स्थित होटल रिजेंट के निकट सीवर चैंबर निर्माण एवं ट्रंक लाइन इंटरकनेक्शन के दो-तीन दिन के कार्य के लिए दिसंबर माह से अनुमति लंबित रखने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने पीआईयू स्मार्ट सिटी के संबंधित सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करते हुए कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

डीएम ने विभागों एवं निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए सभी सक्षम अधिकारियों का औपचारिक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए, जिससे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और त्वरित संवाद सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने निर्माण एजेंसियों को चेतावनी दी कि अनुमति मिलने के बाद भी निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही आरसी जारी करने और भारी आर्थिक दंड लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि किसी विभाग की परिसंपत्ति निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त होती है तो संबंधित एजेंसी तत्काल समन्वय कर उसे ठीक कराए। सभी एजेंसियां पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी लगाकर कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें।

मानकों से समझौता नहीं, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी ने कहा कि अनुमति से अधिक रोड कटिंग, खुदाई अधूरी छोड़ने या सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली एजेंसियों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। जरूरत पड़ने पर जब्ती और मुकदमा दर्ज करने जैसी कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि रात्रि में की गई खुदाई को सुबह तक भरना अनिवार्य होगा। साथ ही कार्यस्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *