विश्व योगासन चैंपियनशिप-2026 में जीता स्वर्ण और कांस्य पदक, उत्तराखण्ड का बढ़ाया मान
देहरादून ,
भारत ने एक बार फिर विश्व मंच पर योग के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखण्ड के श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआर), देहरादून के युवा योगासन खिलाड़ी सुमीर ज्ञवाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश, प्रदेश और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
सुमीर ज्ञवाली ने भारतीय योगासन टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए एक स्वर्ण पदक और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। पारंपरिक समूह प्रतियोगिता में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिससे विश्व मंच पर भारत का तिरंगा गौरव के साथ लहराया।
वहीं सीनियर-बी पुरुष वर्ग के ट्रेडिशनल योगासन इवेंट में सुमीर ने अपनी उत्कृष्ट संतुलन क्षमता, लचीलापन और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। खास बात यह रही कि विश्व चैंपियनशिप के लिए चयनित भारतीय दल में उत्तराखण्ड से सुमीर ज्ञवाली एकमात्र खिलाड़ी थे।
सुमीर वर्तमान में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नेचुरोपैथी में एम.एससी. योगिक साइंस एंड अल्टरनेटिव थेरेपीज के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि को अनुशासन, मेहनत और निरंतर साधना का परिणाम माना जा रहा है।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सुमीर ज्ञवाली को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सुमीर की सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने सुमीर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मन, विचार और व्यक्तित्व को मजबूत बनाने का माध्यम है।