प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं, कहा- विकसित भारत का संकल्प हो रहा साकार – uttarakhandawaaz.in

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं, कहा- विकसित भारत का संकल्प हो रहा साकार

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें तथा देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है और उत्तराखंड भी विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों लोगों को पक्के घर मिले हैं, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई है तथा गरीब और जरूरतमंद वर्गों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है।

हर क्षेत्र में बढ़ा भारत का प्रभाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत डिजिटल लेन-देन, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि सेना में महिलाओं को स्थायी कमीशन देने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने नारी शक्ति को नई पहचान दी है। साथ ही देश की सुरक्षा व्यवस्था भी पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।

उत्तराखंड को मिला विकास का नया आयाम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में उत्तराखंड को विशेष लाभ मिला है। राज्य में केंद्र सरकार के सहयोग से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।

उन्होंने बताया कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, तथा विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई गति दे रही हैं।

रेल, सड़क और हवाई सेवाओं में हुआ विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रही है, जबकि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को भी मंजूरी मिल चुकी है। राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ हवाई अड्डों का विस्तार किया गया है तथा उड़ान योजना के तहत प्रदेश में हेलीकॉप्टर सेवाओं का दायरा बढ़ाया गया है।

आध्यात्मिक पर्यटन को मिली नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाएं, मानसखंड मंदिर माला मिशन तथा रोपवे परियोजनाएं प्रदेश के धार्मिक और पर्यटन विकास को नई दिशा दे रही हैं। गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं भविष्य में तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होंगी।

उन्होंने कहा कि जमरानी, सौंग और लखवाड़ जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है, जिससे सिंचाई, पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में सहभागिता का आह्वान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व का मार्गदर्शन करने वाला राष्ट्र बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *