निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
देहरादून ,
रविवार को आयोजित होने वाली NEET (UG) परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक अपराध और पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा पुलिस लाइन देहरादून में परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी जोनल पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर कंट्रोल रूम, जैमर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों में लगाए गए जैमर और कैमरों की कार्यशीलता की जांच करने को कहा गया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दिन सभी जोनल अधिकारी निर्धारित समय से चार घंटे पहले परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
सभी परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी केंद्र की चारदीवारी या बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त न हो। यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और प्रधानाचार्यों के साथ समन्वय कर तत्काल समाधान कराया जाए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रत्येक अभ्यर्थी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों के अलावा किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए मोबाइल पुलिस पार्टियां तैनात की जाएंगी। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित होटल, ढाबे, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। वहां ठहरे व्यक्तियों की जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्ध लोगों का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि NEET (UG) परीक्षा को पूरी सुरक्षा, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है।