देहरादून ,
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण जनहित और विकास संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की शुरुआत शोक प्रस्ताव के साथ हुई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री Major General B. C. Khanduri तथा पद्मश्री सम्मानित अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज Jaspal Rana को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कैबिनेट ने उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की। इसके साथ ही लंबे समय से मांग कर रहे उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए “समान कार्य-समान वेतन” के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी गई।
बैठक में आबकारी नियमावली में संशोधन कर वेट और सेस पर लगने वाले दोहरे कर को समाप्त करने का निर्णय लिया गया। वहीं कृषि विभाग के सेलाकुई स्थित सगंध पौधा केंद्र में परफ्यूम परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने को भी मंजूरी दी गई।
पर्यटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिमालय कार रैली के आयोजन को स्वीकृति प्रदान की गई। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में लगभग 25 देशों के प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
चारधाम यात्रा से जुड़े पशुपालकों और पशु मालिकों को राहत देते हुए सरकार ने यात्रा में उपयोग होने वाले पशुओं के बीमा प्रीमियम का 20 प्रतिशत खर्च स्वयं वहन करने का निर्णय लिया है। इस योजना पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा राज्य आंदोलनकारियों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को हालिया भर्तियों में लागू करने, कारागार नियमावली एवं सेवा नियमावली में संशोधन तथा पशुपालन विभाग की कृत्रिम गर्भाधान योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मंजूरी देने का फैसला भी लिया गया।
कैबिनेट के प्रमुख निर्णय
- उपनल कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन की मंजूरी
- उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने की स्वीकृति
- आबकारी नियमावली में संशोधन, दोहरे कर की व्यवस्था समाप्त
- हिमालय कार रैली आयोजन को मंजूरी
- राज्य आंदोलनकारियों के 10% क्षैतिज आरक्षण को लागू करने का निर्णय
- चारधाम यात्रा में पशुओं के बीमा पर 20% सरकारी सहायता
- सेलाकुई में परफ्यूम परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित होगी
- कृत्रिम गर्भाधान योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मंजूरी
इन फैसलों को राज्य के कर्मचारियों, किसानों, पशुपालकों, आंदोलनकारियों और पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।