भाजपा कार्यकर्ता हत्याकांड के दोषियों को मिलेगी कठोर सजा, पीड़ित परिवार के साथ पार्टी : महेंद्र भट्ट

देहरादून ,

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी कार्यकर्ता की हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि दोषियों को शीघ्र ही कठोरतम सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

मीडिया के सवालों के जवाब में जारी बयान में महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पर किया गया हमला सुनियोजित और कायराना था, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने दिवंगत कार्यकर्ता की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और संगठन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा अब तक की गई त्वरित और सख्त कार्रवाई का स्वागत किया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में कानून से ऊपर कोई नहीं है और अपराध के प्रति सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई इस बात का संकेत है कि सरकार अपराधियों के खिलाफ कठोर रुख अपनाए हुए है।

प्रदेश अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि घटना को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश और पीड़ा है, लेकिन उन्होंने सभी से धैर्य बनाए रखने और कानूनी प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अपराध, अवैध कब्जों और भू-माफियाओं के मंसूबों को किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाएगा। देवभूमि की शांति, पवित्रता और नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *