गुचुपानी में पर्यटकों का उमड़ा सैलाब, ठंडे पानी और प्राकृतिक सौंदर्य का ले रहे आनंद

देहरादून ,

राजधानी देहरादून में गर्मी और वीकेंड की छुट्टियों के बीच गढ़ी कैंट क्षेत्र की पहाड़ियों के बीच स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुचुपानी (रॉबर्स केव) पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे पर्यटक यहां की प्राकृतिक गुफाओं और ठंडे पानी का आनंद लेकर गर्मी और थकान से राहत महसूस कर रहे हैं।

वीकेंड के दौरान बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं पर्यटकों की भीड़ से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। खाने-पीने की दुकानों, स्थानीय उत्पादों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में अच्छी रौनक देखने को मिल रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा हो रहा है।

गुचुपानी में कई पर्यटक ड्रोन के माध्यम से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर प्राकृतिक सौंदर्य को कैमरे में कैद कर यादगार पलों को संजो रहे हैं। वहीं बाहर से आने वाले पर्यटक स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं।

पटियाला से आए पर्यटक जतिन ने बताया कि वह दूसरी बार देहरादून आए हैं, लेकिन पहली बार अपने परिवार के साथ गुचुपानी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने गुचुपानी को केवल वीडियो में देखा था, लेकिन यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण ने उन्हें काफी प्रभावित किया है। उन्होंने पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने की अपील भी की।

ठंडा और स्वच्छ जल, प्राकृतिक गुफाएं और मनोरम वातावरण इन दिनों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं, जिसके चलते सहस्त्रधारा के बाद गुचुपानी देहरादून आने वाले सैलानियों की प्रमुख पसंद बनकर उभर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *