मुख्यमंत्री आवास परिसर में 3-बी गार्डन का शुभारम्भ, जैव विविधता संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस देहरादून में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य का शुभारम्भ कृष्णा वट के पौधे का रोपण कर किया। यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे नवाचारात्मक प्रयास समय की आवश्यकता हैं। उद्यान में परागण को बढ़ावा देने वाले और जैव विविधता के लिए अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण किया जा रहा है। साथ ही, उद्यान क्षेत्र में कीटनाशकों एवं अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग पर प्रतिबंध रखा जाएगा, ताकि प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र सुरक्षित रह सके।

मधुमक्खी पालन और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा प्रोत्साहन

3-बी गार्डन के निर्माण से मधुमक्खी पालन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। इसके अलावा यह उद्यान आमजन को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित द्वारा उपयुक्त प्रजातियों के पौधों का चयन कर रोपण कार्य प्रारम्भ किया गया था। उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बाँस, बॉटल ब्रश, जीनिया, कॉसमॉस, पेंटास, मिल्कवीड, पैशन फ्लावर, हमेलिया, इक्जोरा, लैंटाना, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी और पुदीना सहित अनेक पौधों का मिश्रित रूप से रोपण किया जा रहा है।

हिमालयी प्रजातियों के पौधों का भी रोपण

मुख्यमंत्री आवास परिसर में पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण वृक्षों के समीप नए पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बांज, बुरांश, तेजपत्ता और पया जैसी उच्च हिमालयी एवं पर्वतीय प्रजातियों के पौधे भी लगाए गए हैं, जो परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को और बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग द्वारा किए जा रहे पर्यावरणीय और जैव विविधता संवर्धन कार्यों की सराहना करते हुए मधुमक्खी पालन गतिविधियों को मुख्यमंत्री आवास परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह तथा नरेन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *