ऋषिकेश ,
डॉ. सुनील दत्त थपलियाल को उत्तराखंड में उत्कृष्ट शैक्षणिक, साहित्यिक, सामाजिक योगदान तथा बेहतरीन मंच संचालन एवं प्रभावशाली भाषण शैली के लिए राजभवन में सम्मानित किया गया।
नैनीताल स्थित लोक भवन में आयोजित “एक शाम सैनिकों के नाम” कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने डॉ. सुनील दत्त थपलियाल को सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में सेना के ऑपरेशन सिंदूर सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में बहादुरी और कर्तव्यपरायणता का परिचय देने वाले सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. थपलियाल को वर्षों से साहित्यिक, सामाजिक, शैक्षणिक तथा शासन-प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में उत्कृष्ट मंच संयोजन और उद्घोषक के रूप में योगदान के लिए विशेष सम्मान दिया गया।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने पूरे उत्तराखंड में विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है, जिसके लिए वे उन्हें हार्दिक बधाई देते हैं।
विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह ने भी डॉ. थपलियाल को सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान शिक्षा, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान की पहचान है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक एवं समस्त अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, रंजन अंथवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।