परिवहन विभाग उत्तराखंड का सख्त अभियान: देहरादून में रातभर चली चेकिंग, 32 वाहनों के चालान

देहरादून ,

देहरादून में पर्यटन सीजन और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। शहर में आरटीओ प्रवर्तन की ओर से विशेष रात्रि चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी Dr. Anita Chamola के नेतृत्व में विभाग की चार टीमें शहर के संवेदनशील और व्यस्त चौराहों पर तैनात की गई हैं। यह अभियान घंटाघर, बल्लूपुर चौक, ओएनजीसी चौक, मोक्खोवाला, आशारोड़ी और आईएसबीटी सहित कई प्रमुख स्थानों पर चलाया जा रहा है।

परिवहन विभाग के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है। चेकिंग के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग लेन ड्राइविंग, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाना, हाई बीम का गलत इस्तेमाल और अनावश्यक हॉर्न बजाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

अभियान के शुरुआती चरण में ही विभाग ने 32 वाहनों के चालान किए हैं, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 11 वाहनों को सीज किया गया है।

डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि यह विशेष अभियान देर रात तक जारी रहेगा और आने वाले दिनों में भी नियमित रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार और सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *