उत्तराखण्ड एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ₹1.87 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, पंजाब से एक आरोपी गिरफ्तार

देहरादून ,

उत्तराखण्ड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून टीम ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर संचालित एक संगठित साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गैंग के एक सदस्य को लुधियाना से गिरफ्तार किया है। साइबर ठगों ने देहरादून निवासी ONGC से सेवानिवृत्त एक वरिष्ठ नागरिक को निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर ₹1,87,64,000 की ठगी की थी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध मुक्त उत्तराखण्ड के विजन के तहत पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में साइबर अपराधियों के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल 2026 को कौलागढ़ रोड, देहरादून निवासी एक वरिष्ठ नागरिक ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार साइबर ठगों ने स्वयं को Aditya Birla Sun Life AMC का अधिकृत कर्मचारी बताकर उन्हें निवेश योजना में अधिक लाभ का झांसा दिया।

आरोपियों ने “L103-ABSL The Group of Wisdom” नामक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से फर्जी ट्रेडिंग एक्टिविटीज़, लाभ के स्क्रीनशॉट और नकली टेस्टिमोनियल दिखाकर विश्वास हासिल किया। बाद में शिकायतकर्ता को VIP ग्रुप “B085” में जोड़कर कथित हाई नेट वर्थ (HNW) ट्रेडिंग अकाउंट खोलने के लिए प्रेरित किया गया। आरोपियों ने नकली SEBI रजिस्ट्रेशन नंबर का उपयोग कर वैध ट्रेडिंग का भ्रम पैदा किया और मनगढ़ंत ट्रेडिंग डेटा एवं मुनाफा दिखाकर लगातार निवेश करवाया।

झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹1.87 करोड़ से अधिक की धनराशि जमा कर दी। बाद में धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान साइबर पुलिस टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप डेटा एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए आरोपी सुखराज को चिन्हित किया। आरोपी को कड़ी मशक्कत के बाद लुधियाना, पंजाब से गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने साइबर ठगी की रकम को हड़पने के लिए केवल दो माह पूर्व बैंक खाता खुलवाया था, जिसमें कुछ ही दिनों में लगभग ₹18 लाख का अवैध लेनदेन हुआ। इसमें इस प्रकरण से संबंधित ₹5.60 लाख की राशि भी शामिल थी।

एसटीएफ ने बताया कि पीड़ित के लगभग ₹40 लाख भी होल्ड कर सुरक्षित कराए जा चुके हैं और उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  • सुखराज, निवासी प्रेम विहार, नूराला रोड शिवपुरी, थाना बस्ती जोदेवाला, लुधियाना, पंजाब। उम्र लगभग 34 वर्ष।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

  • निरीक्षक राजेश सिंह
  • उपनिरीक्षक कुलदीप टम्टा
  • अपर उपनिरीक्षक गोपाल सिंह

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, यूपीआई पिन आदि किसी के साथ साझा न करें। किसी भी लालचपूर्ण निवेश योजना, फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, यूट्यूब/टेलीग्राम आधारित निवेश ऑफर तथा कम समय में अधिक लाभ के दावों से सावधान रहें।

उन्होंने कहा कि कोई भी सरकारी एजेंसी ऑनलाइन “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करती है। वित्तीय साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *