देहरादून ,
देहरादून में वीकेंड के दौरान बढ़ने वाले पर्यटक और स्थानीय यातायात दबाव को देखते हुए Dehradun Police ने 09 मई से 10 मई 2026 तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Pramendra Singh Dobal के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है।
एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक द्वारा संयुक्त रूप से तैयार इस योजना के तहत आशारोड़ी से लेकर डोईवाला और मसूरी मार्ग तक पूरे नगर क्षेत्र को 5 सुपर जोन, 10 जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यातायात संचालन के लिए कुल 180 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा मसूरी, देहरादून शहर और प्रमुख मार्गों पर निगरानी के लिए तीन ड्रोन टीमें भी सक्रिय रहेंगी।
मसूरी, ऋषिकेश और चकराता के लिए अलग-अलग रूट प्लान
दिल्ली, हरियाणा, यूपी, हिमाचल और हरिद्वार-ऋषिकेश की ओर से आने वाले पर्यटकों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन प्लान भी लागू किया जाएगा।
मसूरी जाने वाले वाहनों को डाटकाली, आईएसबीटी, बल्लूपुर, कैन्ट क्षेत्र और कुठालगेट मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं, वैकल्पिक रूट के रूप में किमाड़ी-हाथीपांव मार्ग का भी उपयोग कराया जाएगा। चकराता जाने वाले वाहनों के लिए जीएमएस रोड और पोंटा फ्लाईओवर मार्ग निर्धारित किया गया है।
ऋषिकेश और हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहनों को थानो रोड, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और किरशाली चौक होते हुए भेजा जाएगा। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर भानियावाला, रानीपोखरी और नरेंद्रनगर मार्गों का उपयोग किया जाएगा।
देहरादून शहर में विशेष डायवर्जन व्यवस्था
पुलिस के अनुसार, Pacific Mall, Centrio Mall, सहस्त्रधारा और गुच्चुपानी क्षेत्रों में भीड़ बढ़ने की स्थिति में विशेष डायवर्जन लागू किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर वाहनों को कैनाल रोड, सप्लाई चौक और मालदेवता मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।
मसूरी और ऋषिकेश में पार्किंग प्लान भी तैयार
Mussoorie क्षेत्र में पार्किंग क्षमता 90 प्रतिशत भरने पर किंग क्रेग पार्किंग और बाद में गज्जी बैंड-हाथीपांव मार्ग पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप, भरत इंटर कॉलेज, आईडीपीएल और कालीकमली आश्रम सहित कई अस्थायी पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।
पुलिस की आमजन से अपील
Dehradun Police ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और अनावश्यक हॉर्न से बचने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि एम्बुलेंस, फायर और अन्य आपातकालीन सेवाओं को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा।