डोईवाला / देहरादून ,
ऑपरेशन “प्रहार” के तहत मध्यरात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद कर वाहन को सीज कर लिया है।
🚨 संदिग्ध कार से शुरू हुआ मामला
पुलिस कंट्रोल रूम को हर्रावाला क्षेत्र में पीली कोठी के पास एक संदिग्ध सफेद Maruti Suzuki Swift (UK08TA-9193) के घूमने की सूचना मिली। सूचना पर चौकी हर्रावाला पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार चालक पुलिस को देखकर भागने लगा।
🚓 बैरियर तोड़कर फरार, पुलिस ने किया पीछा
पुलिस चौकी हर्रावाला के पास बैरियर पर चेकिंग के दौरान कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय बैरियर को टक्कर मार दी और तेज रफ्तार में हरिद्वार की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया।
🔫 फायरिंग के बाद मुठभेड़
करीब एक किलोमीटर आगे कुआंवाला के पास आरोपी की कार हाईवे किनारे लगे एनएच बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद वह जंगल की ओर भागा और पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
🧾 बरामदगी और गिरफ्तारी
घायल आरोपी की पहचान क्रान्तानाथ पुत्र मौसमनाथ के रूप में हुई। उसके पास से एक देशी तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत दून चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
⚖️ कई मामलों में था वांछित
जांच में सामने आया कि आरोपी डोईवाला और रानीपोखरी थानों में दर्ज कई मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम पर फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।