चारधाम यात्रा-2026: बद्रीनाथ एवं हेमकुण्ड साहिब यात्रा तैयारियों का एडीजी प्रशासन ने लिया जायजा

चमोली ,

आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए.पी. अंशुमान ने अपने दो दिवसीय चमोली दौरे के दूसरे दिन ज्योतिर्मठ से माणा तक यात्रा व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापार मंडल और विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक कर व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों, पुलिस चौकियों, पंजीकरण चेकिंग प्वाइंट्स एवं संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। श्री बद्रीनाथ धाम में मंदिर परिसर, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा को और प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।

एडीजी ने कोतवाली ज्योतिर्मठ एवं बद्रीनाथ का निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्थाओं का आकलन किया। उन्होंने पुलिस कार्मिकों को उच्च मानकों के अनुरूप कार्य करने, श्रद्धालुओं के प्रति सौम्य व्यवहार बनाए रखने तथा आपदा उपकरणों को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही, यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग, यातायात प्रबंधन और मार्ग में संभावित अवरोधों के समाधान हेतु संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं अन्य हितधारकों के साथ हुई बैठकों में ईंधन आपूर्ति, पार्किंग, स्लाइडिंग जोन और यातायात दबाव जैसी समस्याओं पर चर्चा की गई। एडीजी ने इन मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी और व्यवहारिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, गोविन्दघाट में गुरुद्वारा प्रबंधन के साथ बैठक कर श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा की तैयारियों, विशेषकर पैदल मार्ग की सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

एडीजी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और आपदा प्रबंधन के सभी पहलुओं पर समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सुरजीत सिंह पंवार सहित बीकेटीसी, बीआरओ, आईटीबीपी के अधिकारी एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *