चारधाम यात्रा 2026: श्रीनगर में ADG प्रशासन की समीक्षा बैठक, सुरक्षा और ट्रैफिक पर विशेष फोकस

देहरादून ,

आगामी चारधाम यात्रा 2026 को लेकर श्रीनगर में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए.पी. अंशुमान ने 15 अप्रैल को पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करना रहा।

बैठक में यात्रा के दौरान संभावित भारी भीड़, बढ़ते यातायात दबाव, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा, पार्किंग प्रबंधन और रूट डायवर्जन योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और यातायात का संचालन चरणबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही प्रमुख स्थलों पर बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम की सक्रियता पर जोर दिया गया। मेडिकल एवं रेस्क्यू टीमों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि धामों में मौसम, मार्गों की स्थिति और श्रद्धालुओं की संख्या की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाए और यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को नियमित ब्रीफिंग देने और श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के लिए भी कहा गया।

चूंकि श्रीनगर चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव है, इसलिए यहां सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा का संचालन सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक किया जा सके।

बैठक में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार, क्षेत्राधिकारी पौड़ी तुषार बोरा, प्रभारी निरीक्षक कुलदीप नेगी, प्रभारी महिला थाना प्रियंका भारद्वाज सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *