देहरादून ,
DAV PG College में चाकूबाज़ी की घटना की सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही खबर पूरी तरह अफवाह निकली। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि छात्र किसी हमले का शिकार नहीं हुआ, बल्कि भीड़ के दौरान संतुलन बिगड़ने से घायल हुआ था।
जानकारी के अनुसार DAV सप्ताह के समापन कार्यक्रम में करीब 8 से 9 हजार छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों ने भाग लिया था। कार्यक्रम के दौरान गौरव कुमार (17 वर्ष), निवासी गजरौला मेरठ एवं वर्तमान में DAV Inter College का 12वीं कक्षा का छात्र, रेलिंग पर खड़े होकर कार्यक्रम देख रहा था।
इसी दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की होने पर वह रेलिंग पर गिर गया, जिससे उसके हाथ में खरोंचें आईं। उसे तुरंत कॉलेज की डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में घर भेज दिया गया।
घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर कॉलेज परिसर में चाकूबाज़ी की अफवाह फैला दी गई। हालांकि पुलिस द्वारा छात्र से पूछताछ में भी यही पुष्टि हुई कि वह रेलिंग से गिरकर ही घायल हुआ था और किसी प्रकार की चाकूबाज़ी की घटना नहीं हुई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना सोशल मीडिया पर साझा न करें।