देहरादून ,
देहरादून में रविवार को पुष्कर सिंह धामी ने इन्द्रानगर स्थित होटल रॉयल इन पैलेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ एक अद्वितीय जनसंवाद मंच है, जो देश के कोने-कोने में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को पहचान दिलाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत लोगों के प्रेरणादायक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाता है।
सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री अपने संबोधनों में अक्सर उत्तराखंड का विशेष उल्लेख करते हैं। ‘मन की बात’ के कई एपिसोड में राज्य की शीतकालीन यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत की चर्चा की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं आदि कैलाश और हर्षिल-मुखवा जैसे प्रमुख स्थलों का दौरा कर चुके हैं, जिससे राज्य के पर्यटन को बढ़ावा मिला है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। अब तक 1.5 लाख से अधिक पर्यटक राज्य में पहुंच चुके हैं, जबकि आदि कैलाश क्षेत्र में 36,700 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक आए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसके तहत आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार, आवासीय व्यवस्थाओं का विकास और डिजिटल सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है।
इसके साथ ही सरकार स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे योजना और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
