देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर सख्ती, प्रशासन ने किया औचक निरीक्षण – uttarakhandawaaz.in

देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर सख्ती, प्रशासन ने किया औचक निरीक्षण

देहरादून ,

देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर नियंत्रण और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर रविवार को व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य गैस अधिकारी अजय पाल सिंह और पूर्ति लिपिक होशियार सिंह की संयुक्त टीम ने रिंग रोड क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर जांच की।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भारत गैस के कई डिलीवरी कर्मी मोटरसाइकिल और छोटे वाहनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति कर रहे थे, जिनका तेल कंपनियों या एजेंसियों के साथ कोई वैध अनुबंध नहीं था। इससे गैस की कालाबाजारी की आशंका जताई गई।

टीम ने इसके बाद अरविंद गैस एजेंसी और आधुनिक गैस एजेंसी के गोदामों का भी निरीक्षण किया, जहां इसी प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं।

प्रशासन ने दोनों एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल अनुबंधित लोडर वाहनों के माध्यम से ही की जाए। छोटे वाहनों से आपूर्ति करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

इस बीच, जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों (1077, 0135-2626066, 2726066) और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी 19 शिकायतें दर्ज की गईं। कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की सूचना तुरंत उपलब्ध कराएं, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *