देहरादून ,
पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्य सचिव आनंद बर्धन के निर्देश पर प्रदेशभर में जर्जर सरकारी आवासों के पुनर्निर्माण और नए निर्माण की योजना को तेज किया गया है।
सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुराने और जर्जर क्वार्टरों की पहचान कर उन्हें या तो मरम्मत किया जाएगा या उनकी जगह नए आधुनिक आवास बनाए जाएंगे। इसके साथ ही जहां भी पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, वहां नए आवासीय परिसरों के निर्माण की योजना बनाई जा रही है।
राज्य सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराना है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो और वे बेहतर कार्य वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए राज्य संपत्ति विभाग के अंतर्गत एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसे प्रदेशभर में सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों को जल्द स्वीकृति देकर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
