देहरादून ,
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना में एक छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दून द्वारा फरार चल रहे 7 आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
यह घटना 23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में हुई थी, जहां दो छात्र गुटों के बीच विवाद और मारपीट हुई। इस दौरान गंभीर रूप से घायल युवक दिव्यांशु जाटराना की उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, अन्य 7 आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। लगातार फरारी के चलते पुलिस ने सभी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) भी प्राप्त कर लिए हैं।
एसएसपी दून के निर्देश पर इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही हैं।
इन फरार आरोपियों पर घोषित हुआ इनाम:
- ऋतिक राज – थाना संग्रामपुर, ईस्ट चंपारण (बिहार)
- शांतनु कुमार – जिला पटना (बिहार)
- उज्जवल सिंह – जिला पटना (बिहार)
- अंकुर – जिला गोपालगंज (बिहार)
- आदित्य राज – जिला पटना (बिहार)
- विनीत राज – जिला भोजपुर (बिहार)
- प्रहलाद राज – जिला नवादा (बिहार)
सभी आरोपी वर्तमान में देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में रह रहे थे और घटना के बाद से फरार हैं।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इन आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।