देहरादून ,
राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 23 से 25 मार्च 2026 तक प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” थीम के अंतर्गत तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनपद देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami 23 मार्च को अपराह्न 12:30 बजे जनता को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राज्य के अन्य 12 जनपदों में भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने मंच, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, लाइट, पेयजल और सफाई जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर होने वाली गतिविधियों को मिनट-टू-मिनट प्लान के अनुसार संचालित करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और विशेष जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, खासकर महिलाओं और युवतियों के लिए। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा विद्युत, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग को भी अपनी-अपनी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसे भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए। कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार और साहित्य वितरण भी किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर आयुक्त, पुलिस अधीक्षक नगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
