देहरादून ,
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की घटना का दून पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है।
शिकायतकर्ता दीप चन्द्र गहतोडी, निवासी उदय विहार कॉलोनी, हरिद्वार बाईपास रोड, देहरादून ने कोतवाली पटेलनगर में लिखित तहरीर दी थी कि अज्ञात चोर उनकी सफेद रंग की स्कूटी (नंबर: MP-20-SM-9846) चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और संदिग्धों की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए। साथ ही, पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों का भी सत्यापन किया गया।
20 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंडी जाने वाले रास्ते से माईकल (22 वर्ष), निवासी कंडोली चीडोवाली, थाना रायपुर, देहरादून को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता है। वह स्कूटी को सस्ते दामों में बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।
