मुख्यमंत्री धामी ने सपरिवार मनाया लोकपर्व फूलदेई, बच्चों ने देहरी पर अर्पित किए फूल – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री धामी ने सपरिवार मनाया लोकपर्व फूलदेई, बच्चों ने देहरी पर अर्पित किए फूल

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार लोकपर्व फूलदेई हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को फूलदेई पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक परिधान पहनकर आए बच्चों ने घर की देहरी पर फूल और चावल अर्पित कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों ने “फूल देई-छम्मा देई, जतुके दियाला- उतुके सई” जैसे पारंपरिक लोकगीत भी गाए। मुख्यमंत्री ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकपर्व फूलदेई उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान के भाव को बनाए रखने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार बसंत ऋतु के आगमन के साथ प्रकृति की सुंदरता और जीवन में नई ऊर्जा का संदेश देता है और हमें प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोकपर्व हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने लोक त्योहारों को धूमधाम से मनाना चाहिए ताकि ये परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचें और हमारी लोक संस्कृति सदैव जीवित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, बसंत के स्वागत और लोकसंस्कृति के संरक्षण का संदेश देने वाला फूलदेई पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और नई पीढ़ी को इन अमूल्य परंपराओं से परिचित कराने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर श्रीमती गीता पुष्कर धामी भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *