नाबालिग से दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर पुलिस संरक्षण में – uttarakhandawaaz.in

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर पुलिस संरक्षण में

देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य विधि-विवादित किशोरों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को आजाद कॉलोनी, पटेलनगर निवासी महिला ने कोतवाली पटेलनगर में लिखित तहरीर दी। शिकायत में बताया गया कि रैफी उर्फ सोनू पुत्र मोहम्मद असलम निवासी आईएसबीटी सी-15, आजाद कॉलोनी गली नंबर-3, पटेलनगर (मूल निवासी ग्राम गजरौला थाना बस्ती, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश) तथा उसके दो अन्य साथियों ने वादिनी की नाबालिग पुत्री को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0-183/2026 के तहत धारा 137(2), 70(2), 123 बीएनएस तथा 5(छ)/6 पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुख्य आरोपी रैफी उर्फ सोनू (उम्र 19 वर्ष) को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में शामिल दो अन्य विधि-विवादित किशोरों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *