देहरादून ,
सहारनपुर की ओर से आ रहा मार्बल से भरा एक ट्रक सोमवार (9 मार्च 2026) को मोहब्बेवाला के पास मुख्य हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटने से देहरादून से सहारनपुर तथा सहारनपुर से देहरादून की ओर आने-जाने वाला यातायात बाधित हो गया, जिससे आसपास के मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों ओर से यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया। पुलिस टीम द्वारा ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात को जल्द से जल्द सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस संबंध में एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर यातायात व्यवस्था संभालने तथा आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्ट करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जाम की स्थिति को कम किया जा सके।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए कुछ समय तक इस मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।