देहरादून ,
देहरादून में श्री झंडा जी के आरोहण के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने मेला क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए और संदिग्ध व्यक्तियों तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। इसके लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा मेला क्षेत्र और आसपास के ऊंचे स्थानों व भवनों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पूरे क्षेत्र पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
इसके साथ ही मेला परिसर में लगाए गए लंगरों में अग्निशमन व्यवस्था मजबूत रखने के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी की निगरानी में पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।