Dehradun से बड़ी पहल: 28 फरवरी को एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारम्भ, 14 वर्ष की बालिकाओं को लगेगा निःशुल्क टीका

देहरादून ,

स्वास्थ्य मंत्री Dhan Singh Rawat ने कहा है कि महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर अब लाइलाज नहीं रहा। इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका शुभारम्भ 28 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi अजमेर से करेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि Uttarakhand सरकार ने भी प्रदेशभर में एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अभियान के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की शत-प्रतिशत बालिकाओं को एचपीवी का निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अब तक यह टीका निजी अस्पतालों में लगभग 4 हजार रुपये प्रति डोज की कीमत पर उपलब्ध था, लेकिन भारत सरकार द्वारा इसे पात्र बालिकाओं को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

155 टीकाकरण केन्द्र चिन्हित

डाॅ. रावत ने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रदेश के सभी जिला एवं ब्लॉक स्तर पर पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं। डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

विभागीय अधिकारियों को वैक्सीन की उपलब्धता, कोल्ड-चेन व्यवस्था और रिपोर्टिंग सिस्टम को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रदेशभर की चिकित्सा इकाइयों में 155 टीकाकरण केन्द्र चिन्हित किए गए हैं, जहां 14 वर्ष की सभी पात्र बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।

जन-जागरूकता पर जोर

स्वास्थ्य मंत्री ने अभिभावकों, शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों और समाज के सभी जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और हर पात्र बालिका के टीकाकरण को सुनिश्चित करें।

साथ ही, सभी जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदेश की हर बेटी इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच का लाभ उठा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *