देहरादून ,
उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड द्वारा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद ई-लाइब्रेरी योजना के तहत ई-बुक उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज कर दी गई है। इसी क्रम में 24–25 फरवरी 2026 को दो दिवसीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उच्च शिक्षा सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने की।
बैठक के पहले दिन राज्य के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों से विज्ञान एवं तकनीकी वर्ग के 25 विषयों के लिए 85 विषय विशेषज्ञ शामिल हुए। वहीं दूसरे दिन कला, मानविकी और वाणिज्य वर्ग के 21 विषयों के 70 विषय विशेषज्ञों ने भाग लिया।
विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की मानक पुस्तकों पर विस्तृत विचार-विमर्श करते हुए उच्च शिक्षा में अध्ययनरत छात्रों के लिए पुस्तकों की अनुशंसा की। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि चयनित पुस्तकें राष्ट्रीय शिक्षा नीति के बहुविषयक, कौशल आधारित और शोध उन्मुख दृष्टिकोण के अनुरूप हों, ताकि राज्य के विद्यार्थियों को आधुनिक, प्रासंगिक और उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके।
योजना के तहत विकसित होने वाले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एआई आधारित मेटा सर्च, एनालिटिक्स और रिपोर्टिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे छात्र एक ही मंच पर विभिन्न स्रोतों की ई-बुक्स तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से राज्य के छात्रों को डिजिटल अध्ययन संसाधनों तक व्यापक और सुगम पहुंच मिलेगी तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को नई मजबूती मिलेगी।