रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी का बड़ा संदेश: अवैध मदरसों पर कार्रवाई, 295 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में 250 से अधिक अवैध मदरसों पर ताला लगाकर सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब उत्तराखंड में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नकल माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर सख्ती से काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह बातें रुद्रपुर स्थित गांधी पार्क में आयोजित उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 के शुभारंभ अवसर पर कही। इस दौरान उन्होंने 295.21 करोड़ रुपये लागत की 61 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

नकल माफिया पर सख्ती

धामी ने कहा कि राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर नकल उद्योग पर चोट की गई है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई और 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया।

विकास परियोजनाओं की झड़ी

मुख्यमंत्री ने बताया कि 123.91 करोड़ के 26 कार्यों का लोकार्पण तथा 171.30 करोड़ के 35 कार्यों का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं में चिकित्सा, लोक निर्माण, नगर निगम, सिंचाई, खेल, शिक्षा और ग्रामीण निर्माण विभाग की योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं रुद्रपुर को विकास, विश्वास और भविष्य की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मजबूत आधार बनेंगी।

प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें—

  • मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा स्थापना

  • नगर निगम रुद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण

  • भूरारानी और गंगापुर रोड का चौड़ीकरण

  • अटारिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण

  • गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ करना

इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

धामी ने कहा कि राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल ढांचे को तेजी से मजबूत किया जा रहा है। रुद्रपुर बाईपास, चार लेन सड़कों, रेलवे स्टेशन आधुनिकीकरण, मास्टर ड्रेनेज प्लान और पिंक टॉयलेट जैसी परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने पंतनगर हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने और किच्छा में AIIMS ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर निर्माण का भी उल्लेख किया।

कानून और सांस्कृतिक संरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून सबके लिए समान है। सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया, समान नागरिक संहिता लागू की और भ्रष्टाचार के खिलाफ आईएएस-पीसीएस स्तर तक कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास के साथ सांस्कृतिक मूल्यों और जनसांख्यिकी संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सरस मेले के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और प्रथम दिवस की स्टार नाइट में शिव जागरण का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *