देहरादून ,
ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने गिरोह के एक शातिर अभियुक्त को रानीपोखरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल पंप के स्कैनर का दुरुपयोग कर अलग-अलग लोगों से करीब 4.5 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर चुका था।
मामले में शहीद सुबाव पेट्रोल पंप, रानीपोखरी के संचालक द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि पेट्रोल पंप के खाते से जुड़े स्कैनर का इस्तेमाल अवैध ऑनलाइन लेन-देन में किया जा रहा है, जिसके चलते 4,50,000 रुपये की धनराशि फ्रिज करानी पड़ी।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से पकड़ा गया अभियुक्त
शिकायत के बाद गठित पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए जांच शुरू की। प्राप्त जानकारियों के आधार पर 01 फरवरी 2026 को पुलिस ने ऑनलाइन ठगी में शामिल अभियुक्त
युवराज सिंह भाटी (23 वर्ष) पुत्र लक्ष्मण सिंह भाटी, निवासी ग्राम घोड़ों की पोल, थाना भंवडा, जिला नागौर (राजस्थान) को रानीपोखरी क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास जाखन नदी को जाने वाली सड़क नागाघेर से गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त युवराज सिंह भाटी पूर्व में भी धोखाधड़ी के मामले में राजस्थान से जेल जा चुका है।
ऐसे करता था ठगी
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात राजस्थान के दो युवकों से हुई थी, जिनसे उसने ऑनलाइन ठगी का तरीका सीखा और कमीशन बेस पर उनके साथ काम करने लगा। बाद में उसकी पहचान ऋषिकेश निवासी प्रमोद उर्फ पम्मी से हुई, जिसे उसने कमीशन का लालच देकर गिरोह में शामिल कर लिया।
प्रमोद ने अभियुक्त को रानीपोखरी पेट्रोल पंप का स्कैनर उपलब्ध कराया। इसी स्कैनर का उपयोग कर अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ ऑनलाइन ठगी करता था। स्कैनर में आने वाली रकम को प्रमोद उर्फ पम्मी पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों की मदद से निकाल लिया करता था। इस तरह स्कैनर के जरिए करीब 4 से 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी
इस मामले में निशांत उर्फ दिलखुश, श्रवण विश्नोई और प्रमोद उर्फ पम्मी के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस द्वारा इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
-
नाम: युवराज सिंह भाटी
-
पिता का नाम: लक्ष्मण सिंह भाटी
-
उम्र: 23 वर्ष
-
निवासी: ग्राम घोड़ों की पोल, खजवाणा रोड, संखवाश, थाना भंवडा, जिला नागौर, राजस्थान
-
वर्तमान पता: स्पाल्टन लाइब्रेरी के पास, पंसा मार्केट, विष्णु नगर, डिगाड़ी, थाना बनाड़, जिला जोधपुर, राजस्थान
👉 पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ठगी के नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।