देहरादून ,
राजधानी देहरादून में मच्छी बाजार इलाके में युवती की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रद्युमन नेगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई सीओ सिटी की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जांच में स्पष्ट हुआ कि चौकी स्तर पर युवती की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। मृतका ने 31 जनवरी को आरोपी युवक से जान का खतरा बताते हुए खुड़बुड़ा चौकी में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद न तो कोई ठोस कार्रवाई की गई और न ही आरोपी पर कोई दबाव बनाया गया। पुलिस की इसी निष्क्रियता का नतीजा सोमवार को हुई जघन्य हत्या के रूप में सामने आया।
पहले से दी थी हत्या की चेतावनी
परिजनों के अनुसार मृतका गुंजन और आरोपी आकाश एक-दूसरे को करीब तीन वर्षों से जानते थे। गुंजन दूल्हा बाजार में कपड़ों की दुकान में काम करती थी, जबकि आरोपी भी उसी बाजार की एक दुकान में कार्यरत था। आरोपी पहले से शादीशुदा था, इसके बावजूद वह गुंजन को लगातार परेशान करता था और काम पर आते-जाते उसका पीछा करता था।
परिवार का आरोप है कि इस उत्पीड़न की जानकारी पुलिस को कई बार दी गई, लेकिन हर बार शिकायत को नजरअंदाज किया गया। हत्या से तीन दिन पहले आरोपी ने एक व्यक्ति से यह तक कह दिया था कि वह गुंजन को मार देगा। इसके बाद भी चौकी में शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस अगले तीन दिनों तक आरोपी से संपर्क तक नहीं कर पाई।
आपराधिक पृष्ठभूमि के बावजूद नहीं हुई निगरानी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी आकाश पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है और करीब डेढ़ महीने तक जेल में रहा था। आपराधिक इतिहास होने के बावजूद उस पर कोई निगरानी नहीं रखी गई। एक दुकान से हटाए जाने के बाद भी वह उसी बाजार की दूसरी दुकान में काम करने लगा।
जांच में लापरवाही साबित
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई इस हत्या के मामले में प्रथम दृष्टया चौकी स्तर की लापरवाही सामने आने पर पहले चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया था और पूरे मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद अब उपनिरीक्षक प्रद्युमन नेगी को निलंबित कर दिया गया है।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या की बात कबूली
वहीं पुलिस ने बीच बाजार युवती की हत्या करने वाले 27 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के घर में युवती को लेकर पारिवारिक तनाव चल रहा था। बातचीत बंद होने और पुलिस में शिकायत के बाद वह गुस्से में था, जिसके चलते उसने दिनदहाड़े हत्या की वारदात को अंजाम दिया।