दून के व्यस्त बाजार में युवती की हत्या से सनसनी, आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश की प्रीति मर्डर केस का अभियुक्त भी पुलिस की गिरफ्त में

देहरादून/ऋषिकेश ,
उत्तराखंड में सोमवार को दो अलग-अलग हत्याकांडों से सनसनी फैल गई। देहरादून के व्यस्त दून बाजार क्षेत्र में एक युवती की दिनदहाड़े धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि ऋषिकेश में 31 जनवरी को हुई महिला प्रीति की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया है।

दून बाजार में दिनदहाड़े हत्या

सोमवार सुबह करीब 10 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत दूल्हा बाजार के पास एक गली में एक युवक ने युवती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग में अनबन का सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवती एक दुकान में काम करती थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक उस पर हमला कर गला रेत दिया। घटना के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

अभियुक्त का विवरण:
आकाश कुमार पुत्र कोमल राम
निवासी: 46 मन्नूगंज, खुडबुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर, देहरादून
उम्र: 27 वर्ष

सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो न फैलाने की अपील

घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर युवती की फोटो और वीडियो प्रसारित किए जाने पर परिजनों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कड़ी आपत्ति जताई है। व्यापार मंडल ने पुलिस से ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घटना से संबंधित फोटो या वीडियो साझा कर किसी की भावनाओं को आहत न करें। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने या भावनाएं भड़काने के उद्देश्य से ऐसा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ऋषिकेश में प्रीति हत्याकांड का खुलासा

उधर, ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर में 31 जनवरी की रात किराये पर रह रही महिला प्रीति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को छुटमलपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है।

अभियुक्त का विवरण:
सुरेश गुप्ता पुत्र स्वर्गीय लालामल गुप्ता
निवासी: ग्राम दरगाहपुर, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार
हाल निवासी: आवास विकास कॉलोनी, थाना ऋषिकेश, देहरादून
उम्र: 40 वर्ष

पुलिस का बयान

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि दोनों हत्याकांडों में शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामलों की गहन जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *