हरिद्वार में एचआरडीए कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा, यूनिटी मॉल और प्रधानमंत्री आवास योजनाओं में तेजी के निर्देश

हरिद्वार ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में उत्तराखंड सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में सचिव आवास विकास एवं राज्य सम्पत्ति उत्तराखंड, डॉ. आर. राजेश कुमार ने शुक्रवार को हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सभागार में प्राधिकरण के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक में सचिव ने एचआरडीए द्वारा एकत्र किए गए राजस्व, एकल एवं गैर-एकल आवासीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आवासीय आवेदनों पर शासन स्तर से लगाई गई आपत्तियों का त्वरित निस्तारण कर प्रस्ताव तत्काल शासन को प्रेषित किए जाएं, जिससे योजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।

प्रधानमंत्री आवास योजना में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

समीक्षा के दौरान डॉ. आर. राजेश कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों में पूर्ण पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, टिकाऊ और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है।

मास्टर प्लान, सौंदर्यकरण और थर्ड पार्टी ऑडिट पर फोकस

सचिव ने विगत वर्षों में किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए पार्किंग स्थलों, सड़क किनारे सौंदर्यकरण, गमलों के रखरखाव और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने मास्टर प्लान के अनुरूप कार्य करने, कमियों की पुनरावृत्ति रोकने और थर्ड पार्टी एजेंसी से गुणवत्ता जांच कराने पर भी जोर दिया।

यूनिटी मॉल का स्थलीय निरीक्षण, काम में तेजी के निर्देश

बैठक के बाद सचिव ने निर्माणाधीन यूनिटी मॉल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह प्रधानमंत्री की प्राथमिक परियोजना है, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष फोकस है। वर्तमान में परियोजना का लगभग 45 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। भारत सरकार से प्राप्त किस्त जारी कर दी गई है, जबकि शेष एस्केलेशन प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।

‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ को मिलेगा नया मंच

एचआरडीए सचिव मनीष कुमार सिंह ने जानकारी दी कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत हरिद्वार जनपद का चयन किया गया है। यूनिटी मॉल में 54 शॉप और 3 मल्टी कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं, जहां देश के सभी राज्यों और उत्तराखंड के 13 जनपदों के स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

डॉ. आर. राजेश कुमार का बयान

डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि शहरी विकास योजनाएं पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनहित के साथ लागू हों। यूनिटी मॉल जैसी परियोजनाएं स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय मंच देने के साथ-साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी। सभी विकास प्राधिकरणों को मास्टर प्लान के अनुरूप कार्य करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *