देहरादून,
राजधानी देहरादून स्थित सीएम हेल्पलाइन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि यह आमजन, विशेषकर बुज़ुर्गों और जरूरतमंदों के लिए एक भरोसेमंद, संवेदनशील एवं प्रभावी मंच है। देहरादून जनपद के देहरा खास, पटेलनगर निवासी वरिष्ठ नागरिक आर्य सुमन द्वारा अपनी धर्मपत्नी उर्मिला सुमन को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ न मिलने को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर जिला प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर समाज कल्याण विभाग ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और शिकायत का प्रभावी निस्तारण किया।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए स्वयं वृद्ध महिला के आवास पर पहुंचकर सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार किए, जिसके पश्चात उर्मिला सुमन की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई।
श्रीमती उर्मिला सुमन ने भावुक होते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके पति द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर पेंशन से जुड़ी समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत दर्ज होने के मात्र चार दिनों के भीतर जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा उन्हें सूचित किया गया कि उनकी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत हो गई है और शीघ्र ही उन्हें इसका लाभ मिलना प्रारंभ हो जाएगा।
उर्मिला सुमन एवं उनके पति आर्य सुमन ने इस त्वरित और संवेदनशील सहायता के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा जिला प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
वार्ड–72 देहरा खास के पार्षद आलोक कुमार ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर पेंशन संबंधी शिकायत दर्ज होते ही समाज कल्याण विभाग द्वारा घर जाकर सभी दस्तावेज तैयार किए गए, जिसके परिणामस्वरूप वृद्ध महिला को पेंशन का लाभ मिल सका।
इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने जानकारी दी कि वरिष्ठ नागरिक आर्य सुमन द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक दस्तावेज एवं मासिक आय प्रमाण पत्र तैयार कर उनकी धर्मपत्नी उर्मिला सुमन की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कर दी गई है।