देहरादून में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से सम्पन्न, राज्यपाल ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

देहरादून ,

गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को पदक अलंकरण कर सम्मानित किया।

समारोह के दौरान सूचना विभाग द्वारा “उत्तराखण्ड रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन” विषय पर आधारित झांकी सहित महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, पर्यटन, उद्यान, विद्यालयी शिक्षा, उरेड़ा, वन, उद्योग एवं संस्कृत शिक्षा विभाग की आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। झांकी प्रतियोगिता में सूचना विभाग को प्रथम, संस्कृत शिक्षा विभाग को द्वितीय तथा विद्यालयी शिक्षा विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

परेड में 14वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, हिमाचल पुलिस, पीएसी, महिला पीएसी, उत्तराखण्ड होमगार्ड्स, प्रान्तीय रक्षक दल, एनसीसी, अश्व दल, पुलिस संचार, अग्निशमन एवं सीपीयू की टुकड़ियों ने प्रतिभाग किया। परेड में सीआरपीएफ को प्रथम, आईटीबीपी को द्वितीय तथा 14वीं डोगरा रेजीमेंट को तृतीय स्थान मिला।

कार्यक्रम में राज्य के लोक कलाकारों द्वारा छोलिया नृत्य, गढ़वाली नृत्य एवं पाइप बैंड सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों, शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों एवं राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

राज्यपाल ने लोक भवन में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों एवं सशस्त्र बलों को नमन करते हुए ‘विकसित भारत 2047’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विश्व गुरु भारत’ के संकल्प में जनभागीदारी पर जोर दिया। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं आधुनिक तकनीकों के सकारात्मक उपयोग को राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक बताया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा के लिए डॉ. नीरज सिंघल, मस्तू दास, अरुण कुमार सिंह एवं राकेश सिंह असवाल को सम्मानित किया गया। वहीं गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर घोषित राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक से राज्य पुलिस बल के छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलंकृत किया गया।

राज्यपाल ने ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना के साथ एकता एवं अखंडता बनाए रखने का आह्वान करते हुए सभी नागरिकों से देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *