लैंगिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान को घर-घर तक पहुंचाएं: डॉ. सुनीता टम्टा

देहरादून ,

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग देहरादून द्वारा ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GEIMS) के सहयोग से “लैंगिक भेदभाव और लिंग चयन को कहें–ना” विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डॉ. सुनीता टम्टा ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं, लेकिन समाज के कुछ हिस्सों में अब भी उन्हें लैंगिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिस दिन लैंगिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान को घर-घर तक पहुंचाने में सफलता मिलेगी, उसी दिन राष्ट्रीय बालिका दिवस जैसे अभियानों की सार्थकता सिद्ध होगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि बालिकाओं के लिए समानता का वास्तविक अर्थ अवसरों की समानता है। लिंग के आधार पर भेदभाव कानूनन दंडनीय अपराध है और इसे रोकने के लिए समाज के साथ-साथ चिकित्सकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यशाला में संयुक्त निदेशक विधि जी. सी. पंचोली एवं अभियोजन अधिकारी सोफिया बेगम ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम तथा बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं चीफ एलडीसी अजय बडोनी ने छात्र-छात्राओं को बालिकाओं से संबंधित कानूनों के बारे में जागरूक किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि अम्बर कोटनाला ने बालिकाओं के लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं एवं सहायता की जानकारी साझा की।
संस्थान के रेडियोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. गोपेश ने लिंग जांच पर रोक से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

इससे पूर्व संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा बेटी बचाओ रैली का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि सहित अधिकारी एवं प्राध्यापक शामिल हुए। कार्यशाला के दौरान लैंगिक भेदभाव को ना कहें विषय पर पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कविता पाठ और नाटिका प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों को संस्थान की ओर से स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट किए गए।

कार्यशाला में संस्थान के डीन डॉ. एस. एल. जेठानी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. बिमलेश जोशी, एसोसिएट डीन डॉ. एस. एस. डोगरा, पीसीपीएनडीटी समन्वयक ममता बहुगुणा, उदय सिंह सहित संस्थान के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *