देहरादून,
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग देहरादून द्वारा ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GEIMS) के सहयोग से “लैंगिक भेदभाव और लिंग चयन को कहें – ना” विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम GEIMS संस्थान के सभागार में संपन्न हुआ।
कार्यशाला का शुभारंभ स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, संस्थान के डीन डॉ. एस. एल. जेठानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं पीसीपीएनडीटी कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. बिमलेश जोशी तथा संस्थान के एसोसिएट डीन डॉ. एस. एस. डोगरा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बालिका सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और पीसीपीएनडीटी अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज से लिंग आधारित भेदभाव और भ्रूण लिंग चयन जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने के लिए निरंतर जन-जागरूकता और संवेदनशीलता आवश्यक है।
कार्यशाला में चिकित्सा छात्रों, फैकल्टी सदस्यों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा तथा समान अवसर सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।