गायत्री परिवार आध्यात्मिक जागरण और राष्ट्र निर्माण में निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री धामी

हरिद्वार ,
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष समारोह में शिरकत करते हुए गायत्री परिवार द्वारा किए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों की सराहना की। उन्होंने आचार्य श्रीराम शर्मा के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय परंपराओं में आज विश्व की अनेक समस्याओं का समाधान निहित है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि श्रीराम शर्मा आचार्य ने सनातन धर्म में व्याप्त विकृतियों को दूर कर आध्यात्मिकता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा। उन्होंने समानता, संस्कृति, एकता और अखंडता के मूल्यों को सुदृढ़ किया और “व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण” के विचार को व्यवहार में उतारने का मार्ग प्रशस्त किया। श्री शाह ने आचार्य जी के संदेश “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” को मानव कल्याण का मूल मंत्र बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

गृह मंत्री ने कहा कि बीते दस वर्षों में देश की कार्य-संस्कृति और सोच में सकारात्मक परिवर्तन आया है। आज भारत को उसकी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और मूल्यों के कारण विश्व स्तर पर सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और अरविंद घोष जैसे युगपुरुषों के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के उत्कर्ष से ही मानवता का उत्कर्ष संभव है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि गायत्री परिवार एक वटवृक्ष के समान है, जो आध्यात्मिक चेतना का प्रचार-प्रसार करते हुए समाज को शांति और सकारात्मकता की छाया प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार समाज में आध्यात्मिक जागरण और जनचेतना का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से डॉ. चिन्मय पांड्या ने कहा कि गायत्री परिवार का मूल दर्शन समाज से विमुख होना नहीं है, बल्कि समाज में रहकर मानव कल्याण और सामाजिक उत्थान के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार सेवा, संस्कार और साधना के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *