एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बिंदाल बना उत्तराखंड का पहला रिलायंस जियो एआई रेडी सर्टिफाइड स्कूल

देहरादून ,
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और रिलायंस जियो के संयुक्त तत्वावधान में एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बिंदाल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। स्कूल उत्तराखंड का पहला रिलायंस जियो एआई रेडी सर्टिफाइड स्कूल बन गया है, जहां एक साथ 100 से अधिक विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया।

यह प्रमाण पत्र रिलायंस जियो कंपनी की ओर से कोर्स पूर्ण करने के बाद जारी किए गए हैं। इस उपलब्धि से न केवल स्कूल बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन हुआ है। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय द्वारा पहले स्कूली शिक्षा और फिर उच्च शिक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थियों को एआई इनेबल्ड बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि एसजीआरआर ग्रुप के सभी शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की आधुनिक तकनीकों से परिचित हो सकें।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे भविष्य की शिक्षा की दिशा में एक सशक्त कदम बताया।

अब तक एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बिंदाल के 500 से अधिक छात्र-छात्राएं इस एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंजीकृत हो चुके हैं। प्रशिक्षण जियो यूनिवर्सिटी के अनुभवी एआई प्रोफेशनलों द्वारा दिया जा रहा है। खुले बाजार में लगभग 15 हजार रुपये कीमत वाला यह कोर्स रिलायंस जियो इंफोकॉम द्वारा विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क कराया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर स्कूल को ‘एआई रेडी स्कूल’ का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत गूगल जेमिनाई एआई द्वारा स्कूल के बच्चों और अध्यापकों को निःशुल्क एआई प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही रिलायंस जियो इंफोकॉम की ओर से प्रत्येक जियो उपभोक्ता को गूगल जेमिनाई एआई टूल 18 माह के लिए मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 35,100 रुपये बताई जा रही है।

इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में एसजीआरआर पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती गरिमा शर्मा की भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने प्रशिक्षण के पहले ही दिन 40 से अधिक अध्यापकों को इस एआई ट्रेनिंग प्रोग्राम से जोड़ा, ताकि शिक्षक भी आधुनिक तकनीक से लैस होकर विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन दे सकें।

रिलायंस जियो इंफोकॉम उत्तराखंड के जनरल मैनेजर श्री सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि इस मुहिम की शुरुआत दिसंबर माह में की गई थी और अब तक देशभर के 10 हजार से अधिक स्कूलों को इससे जोड़ा जा चुका है। लक्ष्य है कि आने वाले समय में देश के हर स्कूल तक यह एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम पहुंचे।

चार सप्ताह के इस एआई ट्रेनिंग प्रोग्राम में स्कूल की लैब में प्रशिक्षण दिया जाता है, जबकि विद्यार्थी घर से ऑनलाइन क्विज भी कर सकते हैं। कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राएं इसमें भाग ले सकते हैं। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बिंदाल की यह पहल न केवल देहरादून बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए भविष्य की शिक्षा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *