सीएम आवास में खिले ट्यूलिप, मुख्यमंत्री धामी ने 17 प्रजातियों के 4000 बल्ब रोपकर दी पुष्प क्रांति को नई दिशा

देहरादून ,

उत्तराखंड में पुष्प उत्पादन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक अभिनव पहल की है। मुख्यमंत्री ने सीएम आवास परिसर के उद्यान में 17 विभिन्न प्रजातियों के लगभग 4000 ट्यूलिप बल्ब रोपकर ट्यूलिप उत्पादन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सपरिवार पौधरोपण कर बागवानी के क्षेत्र में नवाचार और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री आवास परिसर में रोपे जा रहे ट्यूलिप बल्बों में ‘लेक पर्पल’ और ‘बाईकलर’ जैसी दुर्लभ एवं आकर्षक प्रजातियां शामिल हैं, जो आने वाले समय में उद्यान की शोभा बढ़ाएंगी। मुख्यमंत्री धामी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में ट्यूलिप के व्यावसायिक उत्पादन (कमर्शियल प्रोडक्शन) के लिए एक ठोस और व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन की तकनीकी बारीकियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने परिसर में संचालित मशरूम उत्पादन और मौनपालन (बीकीपिंग) गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्यूलिप की खेती से उत्तराखंड के किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जलवायु ट्यूलिप जैसे विदेशी फूलों की खेती के लिए अत्यंत अनुकूल है। यदि इसे व्यावसायिक स्तर पर बढ़ावा दिया जाए, तो राज्य फूलों के उत्पादन और निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने बागवानी में आधुनिक तकनीक, नवाचार और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।

प्रशासन द्वारा उन पहाड़ी क्षेत्रों की पहचान की जा रही है, जहां बड़े पैमाने पर ट्यूलिप उत्पादन संभव है। इस पहल से न केवल पुष्प पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। मुख्यमंत्री की यह पहल ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *