धार्मिक प्रयागों में होगी प्रतिदिन भव्य आरती, बनेंगे दिव्य–भव्य घाट : मुख्यमंत्री धामी

शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़े फैसले, पैठाणी राहु मंदिर व लाखामंडल का होगा सौंदर्यीकरण

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक प्रयागों एवं घाटों में प्रतिदिन भव्य आरती आयोजित करने तथा नए दिव्य और भव्य घाटों के निर्माण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को नई ऊर्जा मिलेगी और श्रद्धालुओं का अनुभव और अधिक आध्यात्मिक बनेगा।

शीतकालीन पर्यटन को मिलेगी नई दिशा

शनिवार देर रात्रि मुख्यमंत्री आवास में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्नो लेपर्ड साइटिंग, हेली-स्कीइंग और हिमालयन कार रैली को तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आगामी 20 दिसंबर तक शीतकालीन यात्रा के दृष्टिगत केएमवीएन और जीएमवीएन की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने तथा होटल मालिकों के साथ बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

सड़क से करेंगे स्वयं निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रमुख पर्यटन स्थलों से जुड़ी सड़कें, होटल और अन्य बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें। उन्होंने कहा कि वे स्वयं सड़क मार्ग से यात्रा कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
इसके साथ ही शीतकालीन पर्यटन से जुड़े विभिन्न हितधारकों के साथ दिल्ली में बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।

‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन फेस्टिवल’ का आयोजन

मुख्यमंत्री धामी ने “वन डिस्ट्रिक्ट–वन फेस्टिवल” के तहत राज्य के प्रत्येक जनपद में एक-एक भव्य महोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ये महोत्सव संबंधित जनपद की विशिष्ट पहचान बनें और इनमें जनपद के विशिष्ट व्यक्तियों, प्रवासियों, ग्राम प्रधानों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही राज्य स्तर पर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का भव्य महोत्सव आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

बागेश्वर में सरयू कॉरिडोर और धार्मिक स्थल का विकास

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बागेश्वर में सरयू कॉरिडोर के विकास के निर्देश दिए। साथ ही गंगोत्री की तर्ज पर सरयू नदी के उद्गम स्थल पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल विकसित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने बागेश्वर में ट्राउट मछली, कीवी और लाल चावल के उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए इनके प्रोत्साहन पर गंभीरता से कार्य करने को कहा।

अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के आयोजन के निर्देश

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार, निजी संस्थानों तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का योग महोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए।

पर्यटन योजनाओं में हितधारकों का फीडबैक जरूरी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास से संबंधित कार्य योजनाओं में पर्यटकों, टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों और अन्य हितधारकों का फीडबैक अवश्य शामिल किया जाए, ताकि सुविधाओं का विकास पर्यटकों की अपेक्षाओं के अनुरूप हो सके।

पैठाणी राहु मंदिर और लाखामंडल का सौंदर्यीकरण

बैठक में मुख्यमंत्री ने पौड़ी के पैठाणी स्थित राहु मंदिर एवं लाखामंडल मंदिर के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना को शीघ्र और प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

लद्दाख मॉडल पर शुरू होगा ‘स्नो लेपर्ड टूर’

बैठक में सचिव पर्यटन ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को नई दिशा देने के लिए लद्दाख मॉडल पर “स्नो लेपर्ड टूर” प्रारंभ किया जाएगा।
इसके तहत शीतकाल में गंगोत्री जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्रों को नियंत्रित रूप से पर्यटकों के लिए खोला जाएगा और गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान में प्रायोगिक तौर पर हिम तेंदुआ पर्यटन संचालित किया जाएगा।

रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

सचिव पर्यटन ने बताया कि इस पहल से होमस्टे, स्थानीय गाइड, साहसिक पर्यटन और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

वर्षभर पर्यटन गंतव्य बनाने का लक्ष्य

शीतकालीन पर्यटन कार्ययोजना के अंतर्गत—

  • औली, खलिया टॉप, बेदनीधार में स्कीइंग और ट्रेकिंग

  • मसूरी, नैनीताल और उत्तरकाशी में विंटर कार्निवल

  • ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव

  • जिम कॉर्बेट, नंधौर और गंगोत्री क्षेत्र में वन्यजीव व स्नो लेपर्ड पर्यटन

सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को वर्षभर पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, पंकज कुमार पांडे, शैलेश बगौली, सचिन कुर्वे, धीराज गब्र्याल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

One thought on “धार्मिक प्रयागों में होगी प्रतिदिन भव्य आरती, बनेंगे दिव्य–भव्य घाट : मुख्यमंत्री धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *