केदारनाथ यात्रा: सुरक्षा व्यवस्था पर सख्त नजर, एसपी रुद्रप्रयाग का पैदल निरीक्षण

देहरादून ,

उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने स्वयं केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी ने केदारनाथ बेस कैंप से लेकर गौरीकुण्ड तक के प्रमुख पड़ावों—लिंचोली, भीमबली और जंगलचट्टी—में स्थित पुलिस चौकियों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंध, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का गहन निरीक्षण किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर वास्तविक स्थिति का फीडबैक लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव भी जाने। साथ ही घोड़ा-खच्चर संचालकों से बातचीत कर रूट मैनेजमेंट और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर तैनात सभी चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु आवागमन, चिकित्सा सहायता और त्वरित प्रतिक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया। उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत एसपी रुद्रप्रयाग पिछले छह दिनों से केदारनाथ धाम में कैंप कर लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं।

पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि हर श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *