मनीष बॉलर प्रकरण में बड़ा खुलासा: उत्तराखंड STF ने 5000 के इनामी गैंग सदस्य को किया गिरफ्तार

एसटीएफ SSP नवनीत सिंह की सख्त चेतावनी—“अपराधियों से सांठगांठ रखने वालों को नहीं मिलेगी कोई रियायत”

देहरादून/रुड़की।
उत्तराखंड एसटीएफ ने मनीष बॉलर मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने प्रवीण वाल्मीकि गैंग के सक्रिय सदस्य और ₹5000 के वांछित इनामी अपराधी आकाश सक्सेना को रुड़की क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

एसटीएफ एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कुख्यात गैंगस्टरों और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कड़ी और व्यापक कार्रवाई जारी रहेगी, और ऐसे आपराधिक तत्वों को संरक्षण देने वालों पर भी कठोर कार्रवाई होगी।


मामले की पृष्ठभूमि — धमकियां, हत्याएं और करोड़ों की संपत्ति पर कब्जे की साजिश

प्रवीण वाल्मीकि गैंग से जुड़ा यह पूरा प्रकरण रुड़की क्षेत्र के ग्राम सुनेहरा के करोड़ों मूल्य की संपत्ति से जुड़ा है।

  • वर्ष 2014 में श्याम बिहारी की मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति का प्रबंधन उनके भाई कृष्ण गोपाल कर रहे थे।

  • 2018 में इस संपत्ति पर कब्जा करने की नियत से कृष्ण गोपाल की हत्या कर दी गई।

  • इसके बाद श्याम बिहारी की पत्नी रेखा ने संपत्ति संभाली, लेकिन गैंग द्वारा उन पर लगातार दबाव बनाया गया।

  • 2019 में रेखा के भाई सुभाष पर मनीष बॉलर और उसके साथियों ने गोली चलाई, जिससे धारा 307 IPC में मुकदमा दर्ज हुआ।

  • भय के कारण रेखा का परिवार क्षेत्र छोड़कर अज्ञात स्थान पर रहने लगा।

इस स्थिति का फायदा उठाकर गैंग के सदस्यों ने रेखा और कृष्ण गोपाल की पत्नी स्नेहलता के फर्जी दस्तावेज बनाकर पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार किया तथा करोड़ों की संपत्ति बेच डाली। इस अवैध गतिविधि में मनीष बॉलर का साथी पंकज अष्टवाल प्रमुख रूप से शामिल था।


एसटीएफ ने उजागर की फर्जीवाड़े की कड़ी

जांच में सामने आया कि—

  • पंकज अष्टवाल ने फर्जी ‘रेखा’ के नाम फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाई

  • फर्जी महिला निर्देश पत्नी कुलदीप सिंह को भी एसटीएफ पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है

  • गैंग द्वारा करोड़ों की संपत्ति को अवैध रूप से बेचा गया था

इन सभी कड़ियों की पुष्टि होने के बाद अब एसटीएफ ने गैंग के सक्रिय सदस्य आकाश सक्सेना को भी दबिश देकर गिरफ्तार किया है।


गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

  1. आकाश सक्सेना, पुत्र विनय सक्सेना
    निवासी श्यामनगर, रुड़की, जनपद हरिद्वार
    — वर्ष 2025 से वांछित, ₹5000 का इनामी


एसटीएफ की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी

एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है और जल्द और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने दोहराया कि गैंगस्टरों, भूमाफियाओं और उनसे जुड़े लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *